मेलबर्न : अमेरिका की अनुभवी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स शुक्रवार को यहां आस्ट्रेलियाई ओपन में चीन की वांग कियांग से हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गयी तो वही 15 साल की किशोर खिलाड़ी कोको गॉ ने गत चैम्पियन नाओमी ओसाका का सफर खत्म कर उलटफेर किया। पुरूष एकल में दिग्गज रोजर फेडरर संघर्षपूर्ण जीत के साथ अगले दौर में पहुंचे जबकि गत विजेता नोवाक जोकोविच को ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा।
सेरेना को अपने 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब के लिये अभी लंबा इंतजार करना होगा जिन्हें तीसरे दौर में 27वीं वरीयता प्राप्त कियांग ने 6-4, 6-7, 7-5 से मात दी। सेरेना सात बार यहां खिताब जीत चुकी है लेकिन 2006 में तीसरे दौर में बाहर होने के बाद पहली बार इतनी जल्दी उनकी रवानगी हुई है। पहली बार आस्ट्रेलियाई ओपन में खेल रही गैरवरीय कोको ने जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ओसाका को तीसरे दौर के मुकाबले में 6-3, 6-4 से हराया। इस जीत के साथ ही कोको ने यूएस ओपन में इस खिलाड़ी से मिली हार का बदला भी ले लिया।
रिकाॅर्ड आठवां खिताब जीतने के लिये उतरे जोकोविच ने शानदार फार्म जारी रखते हुए आस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में जगह बना ली। सर्बिया के इस खिलाड़ी ने जापान के योशिहितो निशिओका को 6-3, 6-2 , 6-2 से मात दी। वह 50वीं बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम 16 में पहुंचे हैं जबकि रोजर फेडरर यह कमाल 67 बार कर चुके हैं।
अब उनका सामना 14वीं वरीयता प्राप्त डिएगो श्वार्त्जमैन से होगा जिन्होंने सर्बिया के डुसान लाजोविच को 6-2, 6-4, 7-6 से हराया। जोकोविच अगर आस्ट्रेलियाई ओपन जीतते हैं तो एक ही खिताब आठ या अधिक बार जीतने वाले वह रफेल नडाल (12 बार फ्रेंच ओपन) और फेडरर (आठ बार विम्बलडन) के बाद तीसरे खिलाड़ी होंगे।


Download Android App
Download iOS App



