फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए डीआर कांगो को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब इंग्लैंड की अगली चुनौती 6 जुलाई को मेक्सिको सिटी स्टेडियम में मेजबान मेक्सिको के खिलाफ होगी।
गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने किया शानदार बचाव

अटलांटा में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। टीम एक समय 0-1 से पिछड़ रही थी, लेकिन केन ने दूसरे हाफ में दो गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। डीआर कांगो ने मुकाबले की तेज शुरुआत की और सातवें मिनट में ब्रायन सिपेंगा ने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला गोल करते हुए टीम को बढ़त दिला दी। शुरुआती झटके के बाद इंग्लैंड ने लगातार अटैक किए, लेकिन कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने कई शानदार बचाव करते हुए टीम की बढ़त को लंबे समय तक कायम रखा।
FIFA World Cup 2026 England: इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने किए 2 गोल

लेकिन इंग्लैंड को आखिरकार 75वें मिनट में सफलता मिली, जब एंथनी गॉर्डन के शानदार क्रॉस पर हैरी केन ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल दागा। इसके बाद 86वें मिनट में केन ने एक और शानदार फिनिश करते हुए इंग्लैंड को 2-1 की डिसाइसिव बढ़त दिला दी, जिसे अंत तक बरकरार रखा गया। यह 1986 के बाद पहला मौका है जब इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप में हाफ-टाइम तक एक गोल से पीछे रहने के बावजूद मुकाबला जीतने में सफलता हासिल की है। इस जीत के साथ टीम ने लगभग चार दशक पुराना इंतजार भी खत्म कर दिया।
इंग्लैंड ने अफ्रीकी टीमों के खिलाफ अपना रिकॉर्ड रखा बरकरार

1966 की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड ने अफ्रीकी टीमों के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। वर्ल्ड कप में अफ्रीकी देशों के खिलाफ खेले गए पिछले नौ मुकाबलों में इंग्लैंड को अब तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है। मैच के दौरान डीआर कांगो ने भी कई शानदार मौके बनाए। योएन विसा दूसरे हाफ में बढ़त दोगुनी करने के करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट पोस्ट से टकराकर बाहर चला गया। वहीं इंग्लैंड के जूड बेलिंगहम, मार्कस रैशफोर्ड और हैरी केन के कई एफर्ट्स को म्पासी ने बेहतरीन गोलकीपिंग से नाकाम किया।
कोच थॉमस ट्यूशेल ने दूसरे हाफ में बदली प्लानिंग
कोच थॉमस ट्यूशेल ने दूसरे हाफ में विंगर्स में बदलाव करते हुए टीम की प्लानिंग बदली, जिसका असर भी देखने को मिला। एंथनी गॉर्डन के मैदान पर आने के बाद इंग्लैंड के हमले और तेज हुए, जिसका फायदा हैरी केन ने उठाया और दो अहम गोल किए। अब इंग्लैंड की नजर राउंड ऑफ 16 में मेक्सिको के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर होगी, जहां टीम क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
Read More: Virat Kohli के भतीजे आर्यवीर को मिली नई टीम, जानें कितने की लगी बोली और किसने खरीदा?


Download Android App
Download iOS App




