फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना की जर्सी में अपने 21 साल लंबे इंटरनेशनल करियर को यादगार तरीके से खत्म किया। ब्यूनस आयर्स में मंगलवार, 6 अक्टूबर की रात बेनिन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की। वहीं मेसी ने अपने फेयरवेल मैच को एक गोल और दो असिस्ट के साथ खास बना दिया।
Lionel Messi Farewell Match: विदाई मैच में गोल और दो असिस्ट

बेनिन के खिलाफ भी मुकाबले में मेसी ने 71वें मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील कर दिया। इसके अलावा उन्होंने टीम के दो गोल में असिस्ट भी किया। यानी अर्जेंटीना के लिए अपने आखिरी मैच में भी मेसी ने वही किया, जिसके लिए वह दुनियाभर में मशहूर रहे हैं, यानी गोल करना और साथियों के लिए गोल के मौके तैयार करना। हालांकि, यह मुकाबला उनके लिए सिर्फ एक मैच नहीं था। राष्ट्रगान के दौरान भी मेसी इमोशनल नजर आए और उनकी आंखों में आंसू दिखाई दिए। स्टेडियम के लिए रवाना होते वक्त भी उन्हें इमोशनल होते और आंसू पोंछते देखा गया।
21 साल के सफर का हुआ अंत
मेसी ने 17 अगस्त 2005 के दिन अर्जेंटीना के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। हंगरी के खिलाफ उस मैच में उनका डेब्यू बेहद ड्रेमेटिक रहा, क्योंकि मैदान पर उतरने के करीब 90 सेकंड बाद ही उन्हें रेड कार्ड दिखा दिया गया था। लेकिन इस निराशाजनक शुरुआत के बाद मेसी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अर्जेंटीना के लिए 207 मुकाबले खेले और अपने इंटरनेशनल करियर में 126 गोल किए।
इंटरनेशनल असिस्ट में सबसे आगे

इंटरनेशनल फुटबॉल में गोल के मामले में मेसी 146 गोल करने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद दूसरे पोजीशन पर हैं। हालांकि, असिस्ट के मामले में मेसी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। बेनिन के खिलाफ दो असिस्ट के साथ उनके इंटरनेशनल असिस्ट की संख्या 67 हो गई। यह मेन्स के इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा असिस्ट का रिकॉर्ड है।
अर्जेंटीना के साथ जीते कई बड़े खिताब

मेसी का इंटरनेशनल करियर सिर्फ पर्सनल रिकॉर्ड्स तक लीमिटेड नहीं रहा है, बल्कि उन्होंने अर्जेंटीना को कई बड़ी अचीवमेंट भी दिलाई है। 2008 बीजिंग ओलंपिक में उन्होंने अर्जेंटीना के साथ गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद 2021 और 2024 में उन्होंने टीम के साथ कोपा अमेरिका का खिताब अपने नाम किया। हालांकि उनके करियर की सबसे बड़ी अचीवमेंट 2022 में आई, जब उन्होंने अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया। इसी साल उन्होंने फाइनलिसिमा का खिताब भी जीता।
2026 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन

2026 का वर्ल्ड कप मेसी के इंटरनेशनल करियर का आखिरी बड़ा टूर्नामेंट रहा। अर्जेंटीना इस बार खिताब अपने नाम नहीं कर सका और रनर-अप रहा, लेकिन मेसी का प्रदर्शन इफेक्टिव रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 8 गोल किए और 4 असिस्ट भी दर्ज किए। वर्ल्ड कप में मेसी के कुल 21 गोल हैं, जिसके साथ वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। इस मामले में किलियन एम्बाप्पे उनसे आगे हैं। इसके अलावा मेसी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ छह वर्ल्ड कप में हिस्सा लेकर भी इतिहास रचा है।
11 इंटरनेशनल हैट्रिक का रिकॉर्ड

अर्जेंटीना के लिए मेसी ने अपना पहला इंटरनेशनल गोल क्रोएशिया के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच में किया था। इसके बाद उन्होंने गोल करने का ऐसा सिलसिला शुरू किया, जिसने उन्हें अर्जेंटीना के सबसे बड़े फुटबॉल सितारों में शामिल कर दिया। 2012 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपनी पहली इंटरनेशनल हैट्रिक लगाई थी। इसके बाद उन्होंने 10 और हैट्रिक दर्ज कीं। कुल 11 इंटरनेशनल हैट्रिक के साथ मेसी ने इस मामले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ दिया।
इस तरह अर्जेंटीना की जर्सी में मेसी का शानदार सफर गोल, रिकॉर्ड्स, खिताब और इमोशनल पलों से भरा रहा। अब इंटरनेशनल फुटबॉल में उनका चैप्टर एक यादगार फेयरवेल के साथ खत्म हो गया है।


Download Android App
Download iOS App




