नई दिल्ली : भारत के राष्ट्रीय चैंपियन एच एस प्रणय के लिये आज मिलीजुली सफलता का दिन रहा। प्रणय जहां चीन में चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में बाहर हो गये वहीं वह पहली बार विश्व रैंकिंग में टॉप-10 में पहुंच गये। प्रणय ने हाल में नागपुर में विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ किदाम्बी श्रीकांत को हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
लेकिन चाइना ओपन में उनका सफर दूसरे दौर में ही थम गया। प्रणय ने अपनी रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया और वह पहली बार शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शुमार हो गये। इस तरह पुरूष रैंकिंग में टॉप-10 खिलाड़ियों में भारत के दो खिलाड़ी शामिल हो गये हैं। किदाम्बी श्रीकांत अपने दूसरे स्थान पर बरकरार हैं। बी साई प्रणीत एक स्थान गिरकर 16वें, समीर वर्मा एक स्थान गिरकर 21वें और अजय जयराम एक स्थान गिरकर 23वें नंबर पर आ गये हैं।
महिला एकल में पीवी सिंधू का दूसरा और साइना नेहवाल का 11वां स्थान बरकरार है। पूर्व चैंपियन साइना भी चाइना ओपन के दूसरे दौर में बाहर हो गयी हैं। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी एक स्थान के सुधार के साथ 24वें नंबर पर पहुंच गयी। पुरूष युगल में टॉप 25 में भारत की कोई जोड़ी नहीं है जबकि मिश्रित युगल में प्रणव चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी एक स्थान गिरकर 17वें नंबर पर खिसक गयी है।


Download Android App
Download iOS App



