टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में कपिल देव को पीछे छोड़ा था। उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने उनके बारे में बड़ी बात कही। रोहित शर्मा ने आर अश्विन को क्रिकेट इतिहास के महान खिलाड़ियों में से एक बताया। रोहित शर्मा के इस बयान से कई दिग्गज सहमत भी होंगे लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ रोहित की इस बार से बिल्कुल इत्तेफाक नहीं रखते।

राशिद लतीफ ने कहा कि रोहित शर्मा ने ये बात सिर्फ अपने खिलाड़ी में जोश भरने के लिए कही होगी। साथ ही लतीफ ने अश्विन को महान गेंदबाज मानने से ही इनकार कर दिया। हालाँकि राशिद लतीफ ने इसकी वजह भी बताई है। राशिद लतीफ ने कहा, ‘इसमें कोई दो राय नहीं कि अश्विन महान गेंदबाज हैं। वो अपनी गेंदबाजी में कई बदलाव लाए हैं। कोई दो राय नहीं है कि वो भारत के बेस्ट स्पिनर हैं लेकिन विदेशी हालात में मैं रोहित की बात से सहमत नहीं। अनिल कुंबले विदेशी सरजमीं पर शानदार थे। जडेजा ने भी विदेशी धरती पर अच्छा प्रदर्शन किया है। बिशन सिंह बेदी ने भी विदेशी पिचों पर कमाल प्रदर्शन किया है।’

लतीफ ने आगे कहा, ‘सिर्फ भारत की बात करें तो अश्विन अच्छे हैं लेकिन शायद रोहित शर्मा की जुबान फिसल गई है। ये खिलाड़ियों में जोश और जुनून भरने का तरीका होता है।’ आपको बता दें अश्विन ने 436 में से 306 विकेट भारत में ही लिए हैं। अश्विन ने विदेशी धरती पर 34 टेस्ट में 126 विकेट हासिल किए हैं। इसमें श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी गेंदबाजी औसत अच्छी है। ऑस्ट्रेलिया में तो उन्होंने 42 विकेट भी लिए हैं लेकिन वहां उनका गेंदबाजी औसत 40 के पार है। जबकि अश्विन की करियर गेंदबाजी औसत सिर्फ 24.26 है।


Download Android App
Download iOS App



