लंदन : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने हार्दिक पंड्या की तुलना दक्षिण अफ्रीका के लांस क्लूजनर के 1999 विश्व कप के प्रदर्शन से करते हुए कहा कि इस भारतीय हरफनमौला के पास बड़े शॉट खेलने की ऐसी काबिलियत है जिसका विरोधी कप्तानों के पास कोई जवाब नहीं है।
पंड्या ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में 27 गेंदों में 48 रन की पारी खेली जिससे भारत ने 5 विकेट पर 352 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। भारत ने इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को 316 रनों पर आउट कर 36 रन से जीत दर्ज की। वॉ ने कहा कि हार्दिक पंड्या की पारी विरोधी टीमों को चौंका देगी। यह खिलाड़ी 1999 विश्व कप में खेलने वाले लांस क्लूजनर के बराबर हो सकता है।
ज्यादातर खिलाड़ी अपनी पारी के आखिर में जैसी बल्लेबाजी करते है वह उस तरीके से अपनी पारी शुरू करने की क्षमता रखता है। उसके बड़े शॉट का बचाव करना विरोधी कप्तानों के लिए मुश्किल होगा। पंड्या ने चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से धमाकेदार पारी खेली।
जिसने वॉ को 1999 के विश्व कप में बांये हाथ के क्लूजनर के आतिशी खेल की याद दिला दी। इंग्लैंड में 20 साल पहले हुए विश्व कप में क्लूजनर मैन ऑफ द सीरीज बने थे। उन्होंने 122.17 के स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए थे जो टी-20 दौर के पहले अभूतपूर्व था।
दर्शकों को शांत कर कोहली ने सराहनीय काम किया
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने स्टीव स्मिथ के खिलाफ हूटिंग कर रहे दर्शकों को शांत करने के लिए विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि यह ‘सराहनीय काम’ था। वॉ को क्रिकेट के महानतम कप्तानों में से एक माना जाता है।
वह भारतीय कप्तान विराट कोहली से प्रभावित हैं जिन्होंने दर्शकों से स्मिथ के खिलाफ हूटिंग नहीं करने की अपील की। दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ के विवादास्पद मामले के कारण एक साल का प्रतिबंध झेलने के बाद वापसी करने वाले स्मिथ को प्रभावशाली प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड के प्रत्येक मैदान पर दर्शकों के कोपभाजन का शिकार बनना पड़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



