कराची : पाकिस्तान की नयी रन मशीन बाबर आजम की ख्वाइश क्रिकेट के मैदान में विराट कोहली की ‘महानता’ की बराबरी करना है हालांकि रिकार्डों के मामले में वह अभी भारतीय कप्तान से काफी पीछे हैं। खुद को कोहली का प्रशंसक बताने वाले 24 साल के इस खिलाड़ी ने एक साक्षात्कार में बताया कि उसकी चाहत टेस्ट और एकदिवसीय रैंकिंग में विश्व के नंबर एक बल्लेबाज की बराबरी करना है।
आजम ने कहा कि देखिये वह (कोहली) पहले ही बहुत कुछ हासिल कर चुके हैं। वह अपने देश में एक महान खिलाड़ी हैं। ईमानदारी से कहूं तो अभी उनसे मेरी कोई तुलना नहीं की जा सकती। लेकिन मैं भी वहां पहुंचना चाहता जहां वह आज हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया और लोगों ने मेरी और कोहली की काफी तुलना की है लेकिन मुझे इस बात का अहसास है कि विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल होने के लिए टेस्ट मैचों में काफी रन बनाने होंगे।
इसलिए हाल के दिनों में मैंने टेस्ट क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान दिया। श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गये पहले टेस्ट में नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले इस बल्लेबाज ने कहा कि वह कोहली की तरह मैच विजेता खिलाड़ी बनना चाहते है।
बाबर की यह पिछले तीन टेस्ट में दूसरी शतकीय पारी थी। उन्होंने कहा कि अगर कोई मेरी तुलना कोहली या स्टीव स्मिथ से करता है तो मैं दबाव में नहीं आता हूं। मैं अब अपनी बल्लेबाजी पर काफी ध्यान देता हूं और घंटों तक मैं अपनी बल्लेबाजी के वीडियो देखता हूं।


Download Android App
Download iOS App



