कोरोना वायरस के बावजूद 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए प्रतिबद्ध ICC

Summary :

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद कोरोना वायरस के कारण अंतरराष्ट्रीय मैचों में व्यवधान के बावजूद 2021 में पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के आयोजन की योजना बना रहा है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) कोरोना वायरस के कारण अंतरराष्ट्रीय मैचों में व्यवधान के बावजूद 2021 में पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के आयोजन की योजना बना रहा है। आईसीसी ने इससे पहले 2013 और 2017 में 2 बार टेस्ट चैंपियनशिप को स्थगित कर दिया था और लग रहा था कि इस बार भी उसे फाइनल के आयोजन को टालना पड़ सकता है क्योंकि महामारी के कारण कई अन्य प्रतियोगिताएं भी स्थगित कर दी गयी हैं जिनमें टी20 विश्व कप भी शामिल है।
लेकिन इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी टॉम हैरिसन ने कहा कि उन्हें आईसीसी ने सूचित किया है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, अब वे इस पर काम कर रहे हैं जिन श्रृंखलाओं को नहीं खेला गया है उनमें अंकों के वितरण के लिए क्या करना है। 
टेस्ट खेलने वाले 9 देशों को 2019 से 2 साल तक स्वदेश और विदेश में 6 श्रृंखलाओं में भाग लेना था। अंकतालिका में शीर्ष पर रहने वाली 2 टीमें जून 2021 में फाइनल में भिड़ेंगी। अभी भारत और आस्ट्रेलिया तालिका में शीर्ष पर हैं। इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान ने चार -चार श्रृंखलाएं खेल ली हैं लेकिन श्रीलंका, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश ने दो-दो श्रृंखलाएं ही खेली हैं। आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने तीन -तीन श्रृंखलाएं खेली हैं।

Ujjwal Jain