IND vs ENG : भारत ने इंग्लैंड को दी 225 रनों की चुनौती, विराट-रोहित ने खेली जोरदार पारी

Summary :

भारत ने कप्तान विराट कोहली (नाबाद 80) और रोहित शर्मा (64) के अर्धशतकों से पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट पर 224 रन बनाये।

कप्तान विराट कोहली (नाबाद 80) और रोहित शर्मा (64) और के शानदार अर्धशतकों की बदौलत भारत ने शनिवार को यहां के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी पांचवें और निर्णायक टी20 मुकाबले में इंग्लैंड के सामने 225 रन का लक्ष्य रखा। भारत ने 20 ओवरों मं दो विकेट पर 224 रन का स्कोर बनाया।
भारत का इंग्लैंड के खिलाफ यह सर्वोच्च और टी20 में किसी भी टीम के खिलाफ चौथा बडा स्कोर है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत के लिए कोहली और रोहित ओपनिंग करने आए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 56 गेंदों पर 94 रन की शानदार साझेदारी करके टीम को तूफानी शुरूआत दी।
रोहित को बेन स्टोक्स ने आउट किया। रोहित ने 34 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्के लगाए और अपने टी20 करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। रोहित के आउट होने के बाद कोहली ने सूर्यकुमार यादव (32) के दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों पर 49 रनों की साझेदारी करके टीम की रन गति को बनाए रखा।
सूर्यकुमार टीम के 143 के स्कोर पर दूसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। उन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के जड़े। वह सीमारेखा पर क्रिस जॉर्डन के हाथों लपके गए।
कोहली ने इसके बाद अपने करियर का 28वां और इस सीरीज का तीसरा अर्धशतक पूरा किया और हार्दिक पंडया (नाबाद 39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़कर भारत को दो विकेट पर 224 रन तक पहुंचा दिया। कोहली ने 52 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के जबकि पंडया ने 17 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद और बेन स्टोक्स ने एक-एक विकेट लिए।

Desk Team