भारत ने चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को इंग्लैंड को आठ रन से हराकर चार मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर की। भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद आठ विकेट पर 185 रन बनाये। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम आठ विकेट पर 177 रन ही बना पायी।
सूर्यकुमार यादव (57) के अर्धशतक और श्रेयस अय्यर (37) की शानदार पारी की बदौलत भारत ने गुरुवार यहां के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ जारी चौथे टी20 मुकाबले में आठ विकेट पर 185 रन का स्कोर बना लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत को 21 रन के स्कोर पर ही रोहित शर्मा (12) के रूप में पहला झटका लग गया।
इसके बाद लोकेश राहुल (14) और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 42 रन जोड़े। रोहित को जोफ्रा आर्चर ने और राहुल को बेन स्टोक्स ने आउट किया। इसके बाद हालांकि पिछले मैचों में लगातार दो अर्धशतक लगाने वाले कप्तान विराट कोहली (1) इस बार असफल रहे और आदिल राशिद का शिकार बन बैठे।
कोहली के आउट होने के बाद सूर्यकुमार ने ऋषभ पंत (30) के साथ चौथे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। सूर्यकुमार को सैम कुरैन ने जबकि पंत को आर्चर ने अपना दूसरा शिकार बनाया। सूर्यकुमार ने अपने पदार्पण मैच में 31 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्के लगाए। वह टी20 अंतर्राष्ट्रीय पदार्पण मैच में अर्धशतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
पंत ने 23 गेंदों पर चार चौके जड़े। अंत में अय्यर ने 18 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से शानदार पारी खेलकर भारत को आठ विकेट पर 185 रनों तक पहुंचाया।
हार्दिक पंडया ने 11, शार्दूल ठाकुर ने नाबाद 10 और वाशिंगटन सुंदर ने चार रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से आर्चर ने 33 रन देकर चार विकेट लिए, जोकि उनके करियर की बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन है। उनके अलावा राशिद, मार्क वुड, स्टोक्स और कुरैन को एक-एक विकेट मिला।


Download Android App
Download iOS App



