भारत और सीरिया 1-1 से बराबरी पर छूटे

Summary :

भारतीय टीम फाइनल में जगह बनाने वाले ताजिकिस्तान और उत्तर कोरिया से हारकर पहले ही खिताबी दौड़ से बाहर हो गयी थी और प्रतिष्ठा की खातिर इस मैच में उतरी थी।

अहमदाबाद : युवा नरेंदर गहलौत के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किये गये पहले गोल की मदद से बढ़त बनाने वाले भारत ने इंटरकांटिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट का अपना आखिरी लीग मैच में मंगलवार को यहां सीरिया से 1-1 से ड्रा खेला। भारतीय टीम फाइनल में जगह बनाने वाले ताजिकिस्तान और उत्तर कोरिया से हारकर पहले ही खिताबी दौड़ से बाहर हो गयी थी और प्रतिष्ठा की खातिर इस मैच में उतरी थी। 
मौजूदा चैंपियन भारत ने आखिर में चार देशों के इस टूर्नामेंट में एक अंक के साथ अंतिम स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का अंत किया। पहला हाफ गोलरहित छूटने के बाद 18 वर्षीय नरेंदर ने 51वें मिनट में अनिरूद्ध थापा के क्रास पर हेडर से गोल करके भारत को बढ़त दिलायी। 
भारतीय टीम हालांकि आखिर तक अपनी बढ़त कायम नहीं रख पायी। सीरिया के फिरास अल खातिब ने 78वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके मैच को बराबरी पर ला दिया था। जेरी रिनजुआला ने अल अहमद को बाक्स के अंदर गिरा दिया जिससे सीरिया को पेनल्टी मिली थी।

Desk Team