वेलिंगटन : इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप फाइनल में नाटकीय तरीके से मिली हार से उबरने की कोशिश में जुटे न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने मंगलवार को कहा कि ‘फाइनल कोई नहीं हारा है। पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों ने न्यूजीलैंड से सहानुभूति जताई है। निर्धारित समय और सुपर ओवर में स्कोर बराबर रहने के बाद चौकों-छक्कों की संख्या के आधार पर इंग्लैंड को विजेता घोषित किया गया। इसके बाद से क्रिकेट जगत ‘हास्यास्पद’ नियमों की समीक्षा की मांग कर रहा है।
विलियमसन ने कहा कि आखिर में कोई भी फाइनल नहीं हारा लेकिन खिताब तो एक टीम को देना ही था। हार को गरिमा के साथ स्वीकार करने के लिये हर तरफ विलियमसन और उनकी टीम की तारीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के नियमों का सभी को पहले से पता था। मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में विलियमसन ने इस नियम के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि आप कभी सोच नहीं सकते कि ऐसे सवाल भी पूछे जायेंगे।
मैने भी कभी नहीं सोचा था कि ऐसे सवाल का जवाब दूंगा। उन्होंने कहा कि यह स्वीकार करना मुश्किल है क्योंकि दोनों टीमों ने इस पल के लिये काफी मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि दो प्रयासों के बाद भी विजेता का निर्धारण नहीं हो सका । इसके बाद जिस तरह से हुआ, कोई भी टीम ऐसा नहीं चाहेगी।
एक सच्चे खिलाड़ी की तरह उन्होंने आईसीसी के इस नियम पर कोई सवाल उठाने से इनकार कर दिया। नियम है तो है और टूर्नामेंट की शुरूआत से है । किसी ने सोचा नहीं होगा कि इस तरह का मैच होगा। यह शानदार मैच था और सभी ने इसका मजा लिया।


Download Android App
Download iOS App



