उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता राम गोविंद चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वह सपा सांसद आजम खां के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा रहे हैं। चौधरी ने कहा, ”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं दिलचस्पी लेकर राजनीतिक प्रतिशोधवश लोगों को उकसा कर आजम खां के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, ”सपा आजम खां के विरुद्ध प्रताड़ना की कार्रवाई की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगी। आजम के विरुद्ध जमीन पर कब्जे का आरोप फर्जी है, विश्वविद्यालय बने तकरीबन 16 वर्ष हो गये, शिकायत करने वाले अब तक शांत क्यों रहे।”

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल ध्वस्त हो गई है। दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के लोगों की हत्या की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। चौधरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की शह पर मुस्लिम और यादव वर्ग के लोगों की हत्या की जा रही है। सूबे में अघोषित आपातकाल सरीखे हालात हो गये हैं। योगी सरकार भय का वातावरण बना रही है।
उन्होंने विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गये सवाल पर कहा कि सपा अपने दम पर उपचुनाव लड़ेगी। चौधरी ने दावा किया कि जिस तरह सपा 2012 में अकेले सत्ता में आयी थी, उसी तरह आने वाले समय में भी सपा अकेले चुनाव लड़कर सरकार बनायेगी।
उन्होंने सपा सांसद नीरज शेखर के भाजपा में शामिल होने को लेकर सवाल पूछने पर कहा कि चंद्रशेखर जी उनके राजनीतिक गुरु रहे हैं तथा उनके परिवार के लोगों के लिये उनकी शुभकामनाएं हैं।


Download Android App
Download iOS App



