मुंबई : भारतीय टीम की मौजूदा पुरूष हॉकी विश्व कप में अच्छी शुरुआत से प्रभावित पूर्व कप्तान सरदार सिंह ने गुरूवार को कहा कि टीम को जीत की लय बरकरार रखने और इकाई के तौर पर खेलने की जरूरत है। सरदार ने कहा, ‘‘शुरुआत अच्छी है। टूर्नामेंट में बेल्जियम, नीदरलैंड, जर्मनी, अर्जेंटीना और आस्ट्रेलिया कुछ बेहतरीन टीमें हैं।
हमने शुरुआत अच्छी की है और अब यही लय बरकरार रखने और इसी ऊर्जा के साथ खेलने की जरूरत है। भारत ने विश्व कप के ग्रुप सी के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से करारी शिकस्त दी और फिर बेल्जियम की मजबूत टीम से 2-2 से ड्रा खेला। पीआर श्रीजेश की अगुवाई वाली टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के करीब पहुंच गयी है।
उसे शनिवार को ग्रुप की चौथी टीम कनाडा से मैच खेलना है। टूर्नामेंट से पूर्व संन्यास लेने वाले सरदार चाहते हैं कि भारतीय टीम इकाई के तौर पर खेले और दो या तीन खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि विश्व कप और ओलंपिक जैसे टूर्नामेंट चार साल में एक बार होते हैं, इसलिए हम लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे थे।
वे इस तरह के मैचों का महत्व जानते हैं और समझते हैं कि प्रत्येक सेकेंड कितना महत्व रखता है। सरदार ने कहा कि हमारा मुख्य मैच क्वार्टर फाइनल होगा और उस दिन हमें श्रीजेश या मनप्रीत सिंह पर निर्भर नहीं रहना होगा, हमें एक इकाई के तौर पर खेलने की जरूरत होगी।


Download Android App
Download iOS App



