इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे टीम का हुआ ऐलान, सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार पारी के बाद टीम में मिली जगह

Summary :

इंग्लैंड के खिलाफ 23 मार्च से शुरू होने जा रही वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान शुक्रवार को हो गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ 23 मार्च से शुरू होने जा रही वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान शुक्रवार को हो गया है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके 18 सदस्यीय टीम की घोषणा करी है। सूर्यकुमार यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और क्रुणाल पांड्या को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। तीनों को उनके हाल के प्रदर्शन के मद्देनजर टीम में शामिल करके एकदिवसीय पदार्पण का मौका दिया गया है।
चेतन शर्मा की अगुवाई वाली अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें युवा मध्यम तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा, बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या को पहली बार शामिल किया गया है। हाल ही में संपन्न ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुने गए कई खिलाड़ी इस सूची से बाहर हैं। इसमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रविन्द्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ियो का नाम भी शामिल है।

आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने हाल ही में संपन्न विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में 14 विकेटों के साथ रन भी बनाए हैं। वहीं सूर्यकुमार ने घरेलू सर्कट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है। इसकी बदौलत उन्हें 18 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में खेलना का मौका मिला, जिसमें उन्होंने महत्वपूर्ण अर्ध शतक बनाया।
सूर्यकुमार ने विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने पांच मैचों में 66.40 औसत के साथ कुल 332 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्ध शतक शामिल हैं। क्रुणाल पांड्या का भी विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट शानदार गुजरा है। टूर्नामेंट में बड़दा की तरफ से बतौर कप्तान क्रुणाल ने दो नाबाद शतकों समेत दो अर्ध शतक जड़। उम्मीद है कि क्रुणाल टीम में रविन्द्र जडेजा की कमी को पूरा करेंगे, जो अभी तक चोट से उबर नहीं पाए हैं।
इस बीच विजय हजारे टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष दो बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और देवदत्त पाडिकल को टीम में जगह नहीं मिल पाई है, क्योंकि भारतीय टीम के पास पहले से ही कई ओपनरों के विकल्प मौजूद हैं, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण रोहित शर्मा हैं जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर रहने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा टीम के पास शिखर धवन, शुभमन गिल और लोकेश राहुल जैसे ओपनरों के विकल्प भी उपलब्ध हैं।
दिसंबर 2019 से लगातार चोटों से जूझने के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लंबे समय तक दूर रहने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टी-20 श्रृंखला में वापसी करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भी एकदिवसीय टीम में जगह मिली है। निजी कारणों के चलते ब्रेक पर गए बुमराह के बजाए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को टीम में शामिल किया गया है। उनके साथ-साथ टीम में मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर के रूप में भी तेज गेंदबाजी के विकल्प मौजूद हैं। स्पिन गेंदबाजी में युजवेंद, चहल, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और क्रुणाल जैसे विकल्प हैं।
भारत की 18 सदस्यीय टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), लोकेश राहुल (विकेटकीपर), युजवेंद, चहल, कुलदीप यादव, क्रुणाल पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर।
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 23 मार्च से होना है। सीरीज के तीनों वनडे पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जाएंगे। ये मुकाबले 23,26 और 28 मार्च को होने हैं। वहीं तीनों मैच भारतीय समयनुसार दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होंगे। 

Desk Team