अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के लिए मेगा ऑक्शन का शेड्यूल तय कर दिया गया है। आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी अब 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगी। हालाँकि इससे पहले, ऐसी खबरें आई थी कि आईपीएल के मेगा ऑक्शन का आयोजन सात और आठ फरवरी को होगा। लेकिन अब एक क्रिकेट वेबसाइट ने आईपीएल अधिकारियों के हवाले से कन्फर्म किया है कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी को तारीखों की जानकारी दे दी गई है।

गुरुवार सुबह मीटिंग के दौरान, बीसीसीआई अधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया इंटरनेशनल मैचों के साथ टकराव होने के बावजूद नीलामी इन्ही तारीखों पर होगी। नीलामी के दौरान भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज चल रही होगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे मैच 12 फरवरी को कोलकाता में होना है और इसी दिन आईपीएल नीलामी का पहला दिन है।

इससे पहले, ऐसी भी खबरें थी कि नीलामी यूएई में होगी लेकिन बीसीसीआई की फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले बढ़ने की दशा में विदेश यात्रा को लेकर प्रतिबंध हो सकते हैं जिससे भारत में इसे कराना ज्यादा आसान होगा। इस साल आईपीएल में 10 टीमें होंगी क्योंकि लखनऊ और अहमदाबाद की नई टीमें इस टूर्नामेंट से जुड़ गई हैं। इन दोनों टीमें को ड्राफ्ट में से चुने गए तीन खिलाड़ियों का ऐलान करने के लिए क्रिसमस तक का समय दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



