टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज हरा देने के बाद दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के हौसले काफी बुलंद हैं। इस टीम ने सभी को हैरान करते हुए और एक मैच से पिछड़ने के बाद भारत को 2-1 से सीरीज में हराया था। ऐसे में अब अपने हौसले बुलंद कर चुकी डीन एल्गर की कप्तानी वाली इस टीम को न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होना है, जहां उसे टेस्ट सीरीज खेलनी है।

हालांकि, न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका टीम को एक बड़ा झटका लगा है। जी हां, दरअसल भारत के खिलाफ सीरीज का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कीगन पीटरसन कोरोना वायरस का शिकार हो गए हैं। जिसके बाद अब वह दौरे से बाहर हो गए हैं। बता दें, टीम में पीटरसन की जगह जुबेर हम्जा को शामिल किया गया है।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने एक बयान में कहा कि पीटरसन ठीक हैं और उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। बयान के अनुसार, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की चिकित्सा टीम उनसे संपर्क में रहेगी ताकि उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल की जा सके।

बताते चले, टीम बुधवार को न्यूजीलैंड के लिये रवाना होगी। भारत की मजबूत टीम के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 28 साल के पीटरसन ने छह पारियों में 46 के औसत से 276 रन बनाये थे। वह श्रृंखला में तीन अर्धशतक जड़ने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे जिन्होंने 72, 82 और 62 रन बनाये थे तथा मैदान में अपने क्षेत्ररक्षण कौशल से प्रभावित किया था। दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड में 17 फरवरी से दो टेस्ट मैच खेलने हैं।


Download Android App
Download iOS App



