प्लेइंग XI में केएल राहुल को मौका नहीं मिलने पर फूटा फैन्स का गुस्सा, कोच शास्त्री पर साधा निशाना

Summary :

भारत ने कल यानी शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्टे्रलिया के खिलाफ शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है।

भारत ने कल यानी शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्टे्रलिया के खिलाफ शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इस मैच में दोनों खिलाडिय़ों को अपना टेस्ट डेब्यू करने का मौका है और वो खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और युवा बल्लेबाज शुभमन गिल हैं। 
इस दौरान सभी को हैरान करने वाली बात यह है कि केएल राहुल को शानदार फॉर्म में होने के बावजूद दूसरे टेस्ट में शामिल नहीं किया गया है। वैसे देखा जाए तो कप्तान कोहली की गैरमौजूदगी में केएल राहुल सबसे मजबूत बल्लेबाज में से एक साबित होते। 
अब केएल राहुल को प्लेइंग इलेवन में नहीं चुनने से सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस ने अपना गुस्सा जताया है। फैंस ने राहुल को मौका नहीं देने और हनुमा विहारी को टीम में रखने पर भी सवाल उठाए है। वहीं इंटरनेट की जनता रवि शास्त्री और टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं। दरअसल लोगों का कहना है कि इस अनुभवहीन बैटिंग लाइनअप में इतना दम नहीं जो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना कर सके। 

अब जब क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन देखी तो उनका कहना है कि हनुमा विहारी को बाहर करना चाहिए था,जबकि केएल राहुल को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। मालूम हो एडिलेड टेस्ट में हनुमा विहारी ने पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में 8 ही रन बनाए थे। 
सोशल मीडिया के लोगों ने दिया ऐसे रिएक्शन…




केएल राहुल के टेस्ट रिकॉर्ड की बात की जाए तो उन्होंने खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट के 36 मैचों में 2,006 रन बनाए हैं,जिसमें 5 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं टेेस्ट में राहुल का बेस्ट स्कोर 199 रन रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी-20 मैचों में भी राहुल ने शानदार प्रदर्शन किया। मेलबर्न टेस्ट के लिए उनका चुना जाना तय लग रहा था, लेकिन हनुमा विहारी को टीम ने एक और मौका दिया।
वहीं कोहली की जगह पर अजिंक्य रहाणे भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे जबकि चेतेश्वर पुजारा को उप-कप्तान बनाया गया है। फिलहाल चार मैचों की टेस्ट सीरीज में आस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है। वहीं दूसरे टेस्ट में भारत हिसाब बराबर करना चाहेगी तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की नजरें 2-0 पर होंगी।
भारतीय प्लेइंग XI:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज। 

Desk Team