कोलकाता : बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय कप्तान विराट कोहली दिन-रात्रि टेस्ट खेलने के विचार से सहमत हैं और निकट भविष्य में इसका आयोजन हो सकता है। गांगुली ने गुरुवार को मुंबई में कोहली से मुलाकात की थी। गांगुली ने ईडन गार्डन्स में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) द्वारा उनके सम्मान मे आयोजित कार्यक्रम से इतर कहा कि मुझे कहना होगा कि विराट कोहली इसके लिए सहमत हैं।
ऐसी खबरें हैं कि वह दिन-रात्रि टेस्ट नहीं खेलना चाहता है जो कि सहीं नहीं है। इसलिए एक बार जब टीम का कप्तान इससे सहमत हो जाता है, तो चीजें आसान हो जाती है। हम देखेंगे कि इसे कैसे आगे बढ़ा सकते हैं। खेल को आगे बढ़ाने की जरूरत है। पूर्व भारतीय कप्तान ने गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच खेलने की वकालत की है जिससे अधिक से अधिक दर्शक मुकाबले का लुत्फ उठाने मैदान पहुंचे।
गांगुली ने कहा कि हम सभी इस बारे में विचार कर रहे हैं और कुछ करने की कोशिश करेंगे। मै दिन-रात्रि टेस्ट का समर्थक हूं। मुझे हालांकि नहीं पता कि ऐसा कब होगा। लेकिन जब तक मैं इस स्थिति में हूं, इसकी लिये कोशिश जारी रखूंगा। यह हालांकि उल्लेख किया जाना चाहिए कि अगर गांगुली का कार्यकाल जुलाई से आगे नहीं बढ़ाया जाता है, तो भारतीय सरजमीं पर दिन-रात्रि टेस्ट का इंतजार बढ़ सकता है।


Download Android App
Download iOS App



