विराट कोहली ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है। कोहली ने यहां ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे दिन-रात टेस्ट मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का 27वां शतक लगाया।
इसी शतक के साथ कोहली टेस्ट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उनका यह कप्तान के तौर पर 20वां शतक है। कोहली ने इस स्थान से आस्ट्रेलिया के पोंटिंग को हटाया है। अब उनसे आगे सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ हैं जिनके नाम बतौर कप्तान 25 शतक हैं।
स्मिथ ने इतने शतक बनाने के लिए 109 पारियां ली। कोहली ने 53 पारियों में और पोटिंग ने 77 पारियों में शतक लगाए हैं। वहीं खेल के तीनों प्रारूप में कप्तान के तौर पर शतक लगाने के मामले में कोहली और पोटिंग एक साथ हैं।
दोनों के नाम सभी प्रारूपों में कुल मिलाकर 41-41 शतक हैं। कोहली हालांकि बतौर बल्लेबाज खेल के सभी प्रारूपों में कुल शतक के मामले में पोंटिंग से एक शतक पीछे हैं। कोहली के नाम वनडे में 43 शतक हैं।


Download Android App
Download iOS App



