दुबई : भारतीय कप्तान विराट कोहली आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ पर छह अंक की बढ़त के साथ बल्लेबाजों की नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं तो वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहली बार शीर्ष 10 में जगह पाने में सफल हुए। रैंकिंग में हालांकि सबसे ज्यादा फायदा आस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज श्रृंखला के तीसरे टेस्ट में शानदार खेल दिखाने वाले बेन स्टोक्स को हुआ है जिन्होंने हरफनमौला और बल्लेबाजों की रैंकिंग में करियर का सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया।
हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग वह दूसरे जबकि बल्लेबाजों की रैंकिंग में वह 13वें पायदान पर हैं। बल्लेबाजों में शीर्ष पर काबिज कोहली के नाम 910 रेटिंग अंक है जबकि दूसरे स्थान पर काबिज स्मिथ के 904 रेटिंग अंक हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन और चेतेश्वर पुजारा क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 81 और 102 रन की पारी खेलने वाले अजिंक्य रहाणे रैंकिग में 10 स्थानों के सुधार के साथ 11वें पायदान पर पहुंच गये। भारत की ओर से सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले बुमराह नौ स्थानों के सुधार के साथ सातवें स्थान पर आ गये हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में सात रन देकर पांच विकेट चटकाए थे।


Download Android App
Download iOS App



