मरखम : भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन चीनी ताइपै के चेन शियाउ चेंग को हराकर बीडब्ल्यूएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। अल्मोड़ा के 17 बरस के सेन इस साल जुलाई में एशियाई जूनियर चैम्पियनशिप खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने नौवी वरीयता प्राप्त चेन को मात दी।
चौथी वरीयता प्राप्त लक्ष्य का सामना अब मलेशिया के आदिल शोलेह अली से होगा। लक्ष्य को पहले दौर में बाय मिला था। उसने इसके बाद मैक्सिको के अर्मांडो गेटान और इटली के जियोवान्नी टोटी को सीधे गेम में हराया।
पुरूष युगल में विष्णु वर्धन गौड़ और श्रीकृष्णा साइ कुमार पोडिले ने इंडोनेशिया के डी रफियन रेस्तू और बर्नादुस बागास के वर्दाना को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब उनका सामना कोरिया के ताए यांग शिन और चान वांग से होगा।
भारत के प्रियांशु राजावत, आलाप मिश्रा और किरण जार्ज पुरूष एकल तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गए जबकि मालविका बंसोड़ और गायत्री गोपीचंद महिला एकल में क्रमश: पहले और दूसरे दौर में हार गई।
पूर्वा बर्वे को पहले दौर में बाय मिला था। वह तीसरे दौर में हार गई। भारत की ओर से अभी तक जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र स्वर्ण 2008 में साइना नेहवाल ने जीता था।


Download Android App
Download iOS App




