लाथम की पारी ने भारत से लय छीन ली : कोहली

Summary :

भारतीय कप्तान पदार्पण करने वाले मयंक अग्रवाल और पृथ्वी साव के प्रदर्शन से भी संतुष्ट दिखे जिन्होंने 50 रन की भागीदारी की, हालांकि वे बड़े स्कोर नहीं बना सके।

 रास टेलर ने भले ही शतक जड़ा हो लेकिन भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि बुधवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में टॉम लाथम की 48 गेंद में 69 रन की पारी ने उनकी टीम की लय छीन ली। यह मुकाबला बड़े स्कोर वाला रहा जिसमें न्यूजीलैंड ने रास टेलर की 84 गेंद में 109 रन की नाबाद पारी और कार्यवाहक कप्तान लाथम के आक्रामक अर्धशतक के दम पर 348 रन का लक्ष्य हासिल किया जो लक्ष्य हासिल करने के मामले में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। 
कोहली ने मैच के बाद कहा कि न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन किया। हमने सोचा था कि 348 रन का लक्ष्य अच्छा होगा। रास अनुभवी बल्लेबाज है लेकिन टॉम की पारी ऐसी थी जिसने हमसे लय छीन ली। जीत का श्रेय टेलर और टॉम को। मैदान में भारत का क्षेत्ररक्षण खराब रहा जिसमें कुलदीप यादव ने एक कैच छोड़ा और गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं दिखाया।
 कोहली ने कहा कि हमने मौके का फायदा नहीं उठाया, लेकिन हम ठीक थे। हमें कुछ चीजों में सुधार करते रहने की जरूरत है। हम नकारात्मक चीजों पर ज्यादा ध्यान नहीं लगा सकते। आज, प्रतिद्वंद्वी टीम हमसे बेहतर खेली और वे जीत के हकदार थे। भारत के लिये श्रेयस अय्यर ने पहला वनडे शतक जड़ा। भारतीय कप्तान पदार्पण करने वाले मयंक अग्रवाल और पृथ्वी साव के प्रदर्शन से भी संतुष्ट दिखे जिन्होंने 50 रन की भागीदारी की, हालांकि वे बड़े स्कोर नहीं बना सके।

Desk Team