छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकाम ने रविवार को इंडोनेशिया के लाबुआन बाजो में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए 23वें प्रेसिडेंट कप मुक्केबाजी टूर्नामेंट के एकतरफा 51 किग्रा फाइनल में स्वर्ण पदक जीता। ओलंपिक कांस्य पदकधारी मेरीकाम ने फाइनल में आस्ट्रेलिया की एप्रिल फ्रैंक्स को 5-0 से शिकस्त दी।
छत्तीस वर्षीय भारतीय मुक्केबाज ने मई में इंडिया ओपन में भी स्वर्ण पदक जीता था। लेकिन ओलंपिक क्वालीफिकेशन के लिये अपने मौके को बढ़ाने की योजना के अंतर्गत उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में शिरकत नहीं की थी। एशियाई चैम्पियनशिप मई में थाईलैंड में हुई थी।
मेरीकाम ने खुद का परीक्षण करने के उद्देश्य के तहत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लिया था ताकि वह विश्व चैम्पियनशिप से पहले कुछ बाउट खेल सकें जो सात से 21 सितंबर तक खेली जायेगी। मेरीकाम ने पिछले साल दिल्ली में छठा विश्व खिताब जीता था।


Download Android App
Download iOS App



