सेविले : अर्जेटीना के महान फारवर्ड लियोनेल मेसी के करियर की 50वीं हैट्रिक के दम पर एफसी बार्सिलोना ने स्पेनिश लीग के 25वें दौर के मुकाबले में सेविला को 4-2 से शिकस्त दी। मेसी ने मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और तीन गोल करने के साथ एक असिस्ट भी दिया। इस बेहतरीन जीत के बाद तालिका में पहले पायदान पर मौजूद बार्सिलोना के 57 अंक हो गए हैं जबकि इस सीजन की दमदार शुरुआत करने वाली सेविला की टीम अब 37 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
अपने घरेलू मैदान पर खेल रही सेविला ने मैच की दमदार शुरुआत की। उसने पहले मिनट से ही बार्सिलोना के खिलाड़ियों पर दबाव बढ़ाया। मैच के 22वें मिनट में मेजबान टीम ने दमदार अटैक किया और अनुभवी जीसस नवास ने गोल करते हुए सेविला को बढ़त दिला दी। सेविला की बढ़त हालांकि, ज्यादा देर तक नहीं रही। चार मिनट बाद, बार्सिलोना ने अटैक किया और मेसी ने 18 गज के बॉक्स के अंदर से धमाकेदार वॉली लगाते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
मेजबान टीम पहले हाफ की समाप्ति से पहले दोबारा बढ़त बनाने में कामयाब रही। गेब्रियल मेरकादो ने बार्सिलोना की कमजोर डिफेंस को भेदते हुए 42वें मिनट में गोल किया। बार्सिलोना ने दूसरे हाफ में वापसी की और मेसी ने बेहतरीन गोल किए। उन्होंने 67वें मिनट में बॉक्स के पास से अपने दाएं पैर का उपयोग करते हुए एक बार फिर बराबरी का गोल दागा। इसके बाद, मेहमान टीम ने मैच में अपनी पकड़ बना ली।
85वें मिनट में बार्सिलोना ने एक बेहतरीन मूव बनाया और मेसी ने सेविला के गोलकीपर को छकाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। सेविला के घरेलू दर्शक भी मेसी के लिए तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। गोल का सूखा झेल रहे स्ट्राइकर लुइस सुआरेज भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने इंजुरी टाइम (93वें मिनट) में मेसी के बेहतरीन पास को गोल में बदलते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।


Download Android App
Download iOS App



