टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने के बाद सचिन तेंदुलकर से मिली मीराबाई चानू, रजत पदक दिखाकर कही ये बात

Summary :

टोक्यो ओलंपिक में भारत को सबसे पहला मेडल दिलाने वाली महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने बुधवार को सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की।

टोक्यो ओलंपिक में भारत को सबसे पहला मेडल दिलाने वाली महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने बुधवार को सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। इस दौरान मीराबाई चानू ने अपना सिल्वर मेडल मास्टर ब्लास्टर को दिखाया, जिसे देखकर तेंदुलकर की आंखें भी चमक उठीं। तेंदुलकर जिस तरह से इस मेडल को निहारते नजर आए, आप उससे अंदाजा लगा सकते हैं कि किसी भी ओलंपिक मेडल पर मास्टर ब्लास्टर को कितनी खुशी मिली होगी।
मीराबाई चानू ने इस बेहद खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है। तस्वीर में देखा जा सकता है मीरा बाई अपना सिल्वर मेडल सचिन तेंदुलकर को दिखाते हुए नजर आ रही हैं। अब उनकी इस पोस्ट पर कमेंट कर फैंस प्यार जता रहे हैं। खासतौर पर सचिन ने जिस तरह से अपना रिएक्शन मेडल देखने के बाद दिया है उसकी चर्चा खूब हो रही है। दरअसल मीराबाई के द्वारा मेडल दिखाए जाने पर सचिन तेंदुलकर तस्वीर में बेहद खुश नजर आ रहे हैं। 
मीराबाई चानू ने क्या लिखा अपनी पोस्ट में?
महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर को ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘आज सुबह सचिन तेंदुलकर सर से मिलकर अच्छा लगा। उनकी ज्ञान और प्रेरणा भरी बातें हमेशा मेरे साथ रहेंगीं। उनसे मिलकर बहुत इंस्पायर्ड हूं’। 

वहीं दूसरी ओर तेंदुलकर ने भी चानू के लिए ट्वीट करके लिखा, ‘आपसे मिलकर उतनी ही खुशी हुई मुझे भी हुई है, मणिपुर से टोक्यो तक की आपकी प्रेरक यात्रा के बारे में आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा। कड़ी मेहनत करते रहें। 

मालूम हो टोक्यो ओलंपिक में वूमेंस 49 किलो कैटेगरी में मीराबाई चानू ने भारत की ओर से सिल्वर मेडल अपने नाम कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। क्योंकि आखिरी बार वेटलिफ्टिंग में भारत को मेडल 2000 में मिला था।

Desk Team