टोक्यो ओलंपिक में मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आएगा, रियो मेरा पहला मैच था पर टोक्यो सबसे अच्छा होगा : अतानु दास

Summary :

अनुभवी भारतीय पुरुष तीरंदाज अतानु दास अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं।

अनुभवी भारतीय पुरुष तीरंदाज अतानु दास अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इस साल जुलाई-अगस्त में होना था, लेकिन कोरोना वायरस के कारण इसे अगले साल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
28 वर्षीय दास को 2016 रियो ओलंपिक में दक्षिण कोरिया के ली सेयूंग यून के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दास ने भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी के साथ ‘इन स्पोटलाइट’ आनलाइन शो में कहा, रियो में मैं अपने पहले ओलंपिक को लेकर बहुत उत्साहित था। लेकिन दुर्भाग्यवश मैं हार गया था। इसके बाद अगले दो महीने तक मैं किसी से बातचीत भी नहीं करना चाहता था। उस हार से मैंने बहुत कुछ सीखा है।
दास इस समय एएसआई पुणे में ट्रेनिंग कैम्प का हिस्सा हैं। उन्होंने तरूणदीप राय और प्रवीण जाधव के साथ टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने कहा, 2021 ओलंपिक के लिए मैं कड़ी तैयारी कर रहा हूं। रियो 2016 मेरा पहला था, लेकिन टोक्यो सबसे अच्छा होगा और इसके लिए मैं और अधिक तैयारी करूंगा।

Ujjwal Jain