लीवरपूल : विश्व कप में जीत का दावेदार ब्राजील एंफील्ड में अभ्यास मैच में जब क्रोएशिया के खिलाफ उतरेगा तो सभी की नजरें स्टार स्ट्राइकर नेमार की फिटनेस पर टिकी होंगी। विश्व कप 2014 में चार गोल करने वाले नेमार फरवरी में पैर की चोट के बाद से किसी भी स्तर के फुटबॉल में हिस्सा नहीं लिया है। एहतियाती तौर पर पेरिस सेंट जर्मेन के इस 26 वर्षीय दिग्गज ने गुरुवार को ट्रेनिंग में भी हिस्सा नहीं लिया। नेमार के ब्राजील की टीम के उनके साथी फर्नांडिन्हो ने हालांकि 14 जून को शुरू हो रहे विश्व कप से पूर्व उनकी हालत का सकारात्मक मूल्यांकन किया है।
मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर फर्नांडिन्हो ने कहा, ‘‘ट्रेनिंग में वह जिस तरह की मूवमेंट और ड्रिबल कर रहा है उससे उसने दिखाया है कि वह ठीक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह आश्वस्त है जो महत्वपूर्ण है, उसने दिखाया कि वह हमारे रक्षा पंक्ति के खिलाड़ियों से नहीं डरता और वह बिना डर के उनका सामना कर रहा था।’’ एंफील्ड में नेमार स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में कुछ समय मैदान पर उतर सकते हैं। टीम के कोच टिटे हालांकि 17 जून को होने वाले टीम के पहले विश्व कप मुकाबले को देखते हुए नेमार को लेकर गैरजरूरी जोखिम नहीं उठाना चाहेंगे। नेमार का हालांकि 10 जून को विएना में ब्राजील के अंतिम अभ्यास मैच में कुछ समय के लिए खेलना लगभग तय है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



