वेलिंगटन : न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ अगले महीने से होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अपने पहले दौर के मुकाबले के लिए सोमवार को चुनी टीम में स्पिनरों पर भरोसा जताया है। कोच गैरी स्टीड ने श्रीलंका में होने वाली दो टेस्ट की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम में चार स्पिनरों को शामिल किया है।
दोनों टीमें इस सीरीज के साथ 2021 तक चलने वाली नई विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण करेंगी। स्टीड ने श्रीलंका की पिचों के स्पिनरों के अनुकूल होने की उम्मीद के साथ टीम में ऐजाज पटेल, विल समरविले, मिशेल सेंटनर और टाड एस्टल को जगह दी है। स्पिनरों पर अधिक भरोसा जताने के कारण मैट हेनरी और लाकी फर्ग्यूसन जैसे तेज गेंदबाजों को टीम में जगह नहीं मिली है।
स्टीड ने ट्रेंट बोल्ट, टिम साउथी, नील वैगनर और कोलिन डि ग्रैंडहोम को टीम में शामिल किया है। बहुप्रतीक्षित टेस्ट चैंपियनशिप में नौ देश घरेलू और विरोधी के मैदान पर होने वाली श्रृंखलाओं के आधार पर खेलेंगे और जून 2021 में लार्ड्स में होने वाले खिताबी मुकाबले में जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
टीम इस प्रकार है : केन विलियमसन (कप्तान), टाम लैथम, जीत रावल, रोस टेलर, हेनरी निकोल्स, बीजे वाटलिंग, टाम ब्लंडेल, कोलिन डि ग्रैंडहोम, मिशेल सेंटनर, टाड एस्टल, टिम साउथी, विल समरविले, नील वैगनर, ऐजाज पटेल और ट्रेंट बोल्ट।


Download Android App
Download iOS App



