राजकोट : अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए युवा खिलाड़ियों से काफी अपेक्षाएं की जा रही हैं लेकिन भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मंगलवार को कहा कि टीम प्रबंधन का किसी तरह का दबाव नहीं है और वे केवल इतना सुनिश्चित करना चाहते हैं कि गलतियां नहीं दोहरायी जाएं।
भारत ने आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बांग्लादेश के खिलाफ वर्तमान टी20 सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को उतारा है। चहल ने कहा कि अभी जो 11 खिलाड़ी खेल रहे हैं और जो खिलाड़ी 15 सदस्यीय टीम में हैं वे अपनी भूमिका जानते हैं। ऐसा नहीं है कि कोई एक या दो मैच खेलकर बाहर हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक दो मैच गलत हो सकते हैं लेकिन प्रबंधन की तरफ से किसी तरह का दबाव नहीं है।
बस यही एक चीज है कि हमने किसी मैच में जो गलती की है उसे दोहरायें नहीं। भारत को नयी दिल्ली में रविवार को पहले टी20 मैच में बांग्लादेश से सात विकेट से हार झेलनी पड़ी थी और चहल ने कहा कि टीम अब नये सिरे से शुरुआत करने पर ध्यान दे रही है। इस लेग स्पिनर ने कहा कि हम अभी एक मैच से पीछे चल रहे हैं लेकिन अभी दो मैच बचे हैं और अगर हम खुद पर विश्वास रखते हैं तो वापसी करने में सफल रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



