नई दिल्ली : पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज इमाम उल हक इन दिनों अलग-अलग महिलाओं से संबंध रखने के आरोप में बदनाम हो रहे हैं। सोशल वेबसाइट ट्विटर पर इमाम के पर्सनल चैट के कुछ स्क्रीनशॉट और तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लेकिन क्रिकेट जगत इमाम अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जो इन आरोपों में फंसे हों। इससे पहले कई नामी क्रिकेटर भी मैदान से बाहर बदनाम हुए हैं। दुनिया के महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न सिर्फ फिरकी के ही जादूगर नहीं रहे। मैदान के बाहर वह हजारों महिलाओं से संबंध बनाने का दावा करते रहे हैं।
वॉर्न गर्व से यह बताते हैं कि हजारों महिलाओं के साथ सोने के बावजूद वह सिर्फ 5 बार ही पकड़े गए। हेलन कोहेन, एंगेला गलागर, लॉरा सेयर्स, केरी कोलीमोर, लिज हर्ले, क्लोई कॉनरेड के साथ उनके किस्से खूब मशहूर हुए और उनकी कई आपत्तिजनक तस्वीरें भी मीडिया में बार-बार छाईं रही। पाकिस्तान के आलराउंडर शाहिद अफरीदी 2000 में सिंगापुर में आयोजित हो रहे एक टूर्नमेंट के लिए जाने के दौरान शाहिद अफरीदी अपनी टीम के दो साथियों अतीक-अज-जमान और हसन राजा के साथ कराची के एक होटल के कमरे में लड़कियों के एक ग्रुप का मनोरंजन करते हुए पकड़े गए थे। तब शाहिद 20 साल के थे।
बाद में सभी खिलाड़ियों ने दावा किया कि वे लड़कियां ही उनकी फैन थीं और वे सिर्फ ऑटोग्राफ दे रहे थे। हालांकि इन तीनों खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया था और उस समय केन्या में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रोफी के लिए उन्हें प्रतिबंधित कर दिया गया था। पाकिस्तान के पूर्व अंपायर असद रऊफ आईपीएल की स्पॉट फिक्सिंग में भले बोल्ड हो गए हों, लेकिन इश्क की पिच पर खूब खेले। हालांकि उन्हें तब शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जब मॉडल लीना कपूर ने उन पर यौन शोषण का आरोप लगा दिया।
रऊफ का नाम लीना के साथ कई दिनों तक जोड़ा गया, लेकिन रऊफ ने सार्वजनिक तौर पर इसे कभी स्वीकार नहीं किया। उनकी लीना के साथ कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं। वेस्ट इंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल की ‘शर्मनाक’ हरकतों की तस्वीरें कई बार सुर्खियों में रही हैं। लड़कियां, शराब और स्मोकिंग के साथ गेल का रिश्ता बहुत पुराना है और कई बार उन पर ऐसे आरोप लगते रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



