नई दिल्ली : ओलंपिक पदक विजेता मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने इंडिगो एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ पर बदसुलूकी का आरोप लगाया है। सिंधू ने ट्वीट कर बताया कि शनिवार को हैदराबाद से मुंबई की यात्रा के दौरान एयरलाइन कंपनी के कर्मचारी ने उनसे बुरा बर्ताव किया।
कंपनी ने दुनिया की नंबर दो बैडमिंटन खिलाड़ी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ग्राउंड स्टाफ सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। सिंधू ने ट्वीट किया, ‘ग्राउंड स्टाफ अजीतेश ने मेरे साथ बेहद बुरा और रूखा व्यवहार किया।
एयर होस्टेस आशिमा ने जब उन्हें यात्रियों के साथ शिष्ट बर्ताव की सलाह देनी चाही तो अजीतेश उनके साथ भी बुरे तरीके से पेश आए। ऐसे लोग कंपनी की प्रतिष्ठा को खराब ही करेंगे।
बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मेरा अनुभव बहुत बुरा रहा।’ सिंधू उड़ान संख्या 6ई-608 से मुंबई जा रही थीं। वहीं, इंडिगो ने कहा, ‘पीवी सिंधू हैदराबाद से मुंबई जा रही फ्लाइट पर सवार हुई थीं। उनके सामान का वजन ज्यादा था जो केबिन में नहीं आ रहा था। उन्हें बताया गया कि उनके बैग को कागरे होल्ड में ले जाना पड़ेगा।
यह नीति सभी यात्रियों के साथ अपनाई जाती है। ज्यादा वजनदार सामान से सहयात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह सुरक्षा के लिए भी खतरनाक हो सकता है। पूरी बातचीत के दौरान ग्राउंड स्टाफ ने शांति बनाए रखी। उनके मैनेजर से कई बार अनुरोध के बाद उन्होंने सामान को कागरे होल्ड में भेजने पर सहमति जताई।’
यात्रा के दौरान सिंधू के पिता रमना भी उनके साथ थे। उन्होंने भी ग्राउंड स्टाफ के व्यवहार को गलत करार दिया। रमना ने बताया कि सिंधू के बैग में रैकेट थे और उन्होंने बैग को सावधानी से ले जाने का आग्रह किया था, लेकिन इंडिगोकर्मी ने उनके साथ रूखा व्यवहार किया। किसी को भी महिला के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



