ओलंपिक चैम्पियन भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार है लेकिन वह कोविड-19 जांच में नेगेटिव आये हैं। तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बाद सोमवार को स्वदेश लौटे नीरज का भव्य स्वागत हुआ।
23 साल के इस खिलाड़ी ने देश को एथलेटिक्स में पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाया और वह ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गये। उन्हें स्वदेश पहुंचने के दो दिन बाद तेज बुखार आ गया जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने कोविड-19 परीक्षण भी कराया।
इसकी जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने कहा, ‘‘वह कोविड-19 जांच में नेगेटिव आया है। लेकिन हमने कुछ समय के लिये उसके सारे कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। ’’ सरकार ने सोमवार को चोपड़ा और सभी अन्य पदक विजेताओं को सम्मानित किया था। अगले दिन भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने भी उन्हें सम्मानित किया।
चोपड़ा बुखार के कारण गुरूवार को पंजाब और शुक्रवार को हरियाणा सरकार द्वारा कराये गये सम्मान समारोह में शिरकत नहीं कर सके। यह देखना होगा कि वह रविवार को भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचते हैं या नहीं। चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह स्टार एथलीट मंगलवार को पानीपत के करीब खांद्रा गांव में अपने घर पहुंच रहा है।


Download Android App
Download iOS App



