हैदराबाद : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को कहा कि अगले साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण में सिर्फ एक स्थान भरा जाना बाकी है। कोहली ने इस तरह संकेत दिया कि तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी का टीम में जगह बनाना लगभग तय है।
शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पूर्व कोहली ने कहा कि बेशक मुकाबला एक स्थान के लिए है और मुझे लगता है कि तीन खिलाड़ियों ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है और यह देखना रोमांचक होगा कि निष्कर्ष क्या निकलता है। तेज गेंदबाजी विभाग में कई विकल्पों की मौजूदगी पर कोहली ने कहा कि एक कप्तान के रूप में यह उनके लिए अच्छा है।
कोहली ने कहा कि ऐसा नहीं है कि यह हमारे लिए कोई समस्या है (काफी तेज गेंदबाजों की मौजूदगी)। मुझे लगता है कि भुवी (भुवनेश्वर) और (जसप्रीत) बुमराह अनुभवी खिलाड़ी हैं। टी20 क्रिकेट में उनके प्रदर्शन में काफी निरंतरता रही है। दीपक (चाहर) ने भी काफी अच्छी गेंदबाजी की है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी वापसी कर रहा है और काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



