हैदराबाद : भारतीय टीम का वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से यहां शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के दौरान आस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिये खिलाड़ियों को आजमाना जारी रहेगा। इस सीरीज में लोकेश राहुल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी टीम में अपना स्थान पक्का करने का लक्ष्य बनाये होंगे।
टी20 विश्व कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम में कई खिलाड़ियों का स्थान अभी पक्का नहीं है और वे वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने प्रदर्शन से टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे। इनमें से एक नाम राहुल का है। चोटिल सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की अनुपस्थिति में यह सीरीज उन्हें रोहित शर्मा के जोड़ीदार के तौर पर अपना स्थान सुनिश्चित कराने का बहुत अच्छा मौका प्रदान करेगी।
उनका टी20 में अच्छा रिकार्ड है। राहुल ने 31 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 42.74 के औसत से 974 रन जुटाये हैं जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 110 रन रहा है। आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। राहुल के अलावा पंत भी अपने मजबूत प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब देना चाहेंगे। बल्ले से और विकेटकीपिंग में अपनी अनियमित फार्म के कारण वह पिछले कुछ समय से आलोचनाओं में घिरे रहे हैं।
उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा था लेकिन इस साल के शुरू में आईसीसी वनडे विश्व कप के समाप्त होने के बाद उनकी फार्म में गिरावट आयी और अपना विकेट भेंट में देने के लिये कई बार उनकी काफी आलोचना की गयी। यहां तक कि उनकी विकेटकीपिंग की भी काफी आलोचना हुई और इसी कारण बायें हाथ के इस खिलाड़ी को खेल के लंबे प्रारूप से बाहर कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



