बैकाक : ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू 350,000 डालर इनामी थाईलैंड ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में यहां जापान की नोजोमी ओकुहारा से सीधे गेम में हार गयी जिससे उनका इस साल पहले खिताब का इंतजार बढ़ गया। दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधू पूरे मुकाबले में लय हासिल करने के लिये जूझती रही। ओकुहारा ने शुरू से दबदबा बनाये रखा और आखिर में 50 मिनट में 21-15, 21-18 से जीत दर्ज की। यह इस साल तीसरा अवसर है जबकि वह खिताबी मुकाबला जीतने में नाकाम रही।
इससे पहले यह भारतीय खिलाड़ी इंडिया ओपन और राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में हार गयी थी। इस टूर्नामेंट से पहले वह मलेशिया और इंडोनेशिया ओपन में क्रमश : सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी। विश्व में तीसरे नंबर की सिंधू ने विश्व में आठवें नंबर की ओकुहारा के खिलाफ कुछ अवसरों पर ही अपने सर्वश्रेष्ठ खेल की झलक दिखायी। दूसरी तरफ जापानी खिलाड़ी ने दूसरे गेम के शुरुआती क्षणों को छोड़कर मैच पर नियंत्रण बनाये रखा। ओकुहारा ने मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही पहले गेम में 6-2 से बढ़त बना दी। सिंधू ने इसके बाद कुछ आक्रामक क्रास कोर्ट शाट मारे और अंतर 15-17 से कम कर दिया।
इसके बाद ओकुहारा ने हालांकि नेट पर आक्रामक खेल दिखाया और सिंधू को गलतियां करने के लिये मजबूर किया। जापानी खिलाड़ी ने लगातार चार अंक बनाकर पहला गेम अपने नाम किया। सिंधू ने दूसरे गेम में अच्छी शुरुआत की और नेट पर अच्छे खेल से 5-1 की बढ़त बना ली लेकिन इसके बाद उन्होंने फिर से गलतियां और उनके अनुमान भी सही नहीं रहे जिसके कारण जापानी खिलाड़ी 7-6 से आगे हो गयी। इसके बाद दोनों खिलाड़ी 14-14 तक एक दूसरे के साथ आगे बढ़ती रही लेकिन इसके बाद ओकुहारा ने फिर से दबदबा बनाया और बढ़त बना दी। सिंधू भले ही हार मानने के मूड में नहीं थी और उन्होंने क्रास कोट स्मैश से स्कोर 18-18 कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



