नई दिल्ली : पाकिस्तान के साथ बढते राजनयिक तनाव के बीच भारत का राष्ट्रीय टेनिस महासंघ खेल की विश्व नियामक ईकाई अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) से अनुरोध कर सकता है कि वह अगले महीने इस्लामाबाद में होने वाले डेविस कप मुकाबले का आयोजन किसी तटस्थ स्थान पर करे और मेजबान महासंघ ने कहा कि वह cके फैसले का सम्मान करेगा। भारत का पाकिस्तान के खिलाफ दो दिवसीय मुकाबला 14 सितंबर से पाकिस्तानी राजधानी में खेला जाना है।
जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाला अनुच्छेद 370 केंद्र सरकार द्वारा हटाये जाने के बाद पाकिस्तान ने बुधवार को भारत के साथ राजनयिक संबंध कम करने का फैसला लिया। पाकिस्तान में भारत के दूत से भी देश छोड़ने को कहा गया। एआईटीए महासचिव हिरण्यमय चटर्जी ने कहा कि इससे मैच पर असर पड़ सकता है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी है लेकिन मैं एक-दो दिन इंतजार करूंगा। इसके बाद हम अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ से हालात पर गौर करके फैसला लेने का अनुरोध करेंगे। जरूरत पड़ने पर तटस्थ स्थान पर मुकाबला कराने का अनुरोध किया जायेगा। चटर्जी ने कहा कि पाकिस्तान वीजा नहीं देता है तो हम वहां कैसे जायेंगे। हो सकता है कि वह वीजा नहीं दे।
यदि वीजा दे भी देता है तो क्या वे हमें पर्याप्त सुरक्षा दे सकेंगे। पाकिस्तान टेनिस महासंघ (पीटीएफ) के अध्यक्ष सलीम सैफुल्लाह खान ने स्वीकार किया कि दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है और आईटीएफ जो भी फैसला करेगा पीटीएफ उसका सम्मान करेगा। सलीम ने कहा कि इस्लामाबाद अब भी सुरक्षित जगह है। तनाव निश्चित तौर पर बढ़ा है लेकिन यह कम भी हो सकता है। हमारे लिये भी खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
जीत या हार मायने नहीं रखती, सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह कहना अभी जल्दबाजी होगा कि इस मुकाबले को तटस्थ स्थल पर करवाना चाहिए। लेकिन अगर आईटीएफ को लगता है कि मुकाबले का स्थल बदलना बेहतर होगा तो हम उसके निर्देशों का पालन करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



