नई दिल्ली : भारतीय टेनिस खिलाड़ी प्रजनेश गुणेश्वरन को मियामी ओपन के मुख्य दौर में पहुंचने का फायदा मिला जिससे वह सोमवार को जारी हुए नवीनतम रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 81वें स्थान पर पहुंच गये। मियामी ओपन में दो मुकाबले जीतने पर 29 साल के इस भारतीय खिलाड़ी को 26 रेटिंग अंक का फायदा हुआ जिससे उन्होंने तीन स्थानों का सुधार करते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की।
प्रजनेश हालांकि मुख्य दौर में जगह बनाने के बाद पहले ही मुकाबले में हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गये। शीर्ष 100 में वह एकलौते भारतीय है। उनके बाद 140वें स्थान पर रामकुमार रामनाथन है जो एक स्थान नीचे खिसके हैं। वह मियामी ओपन के पहले ही क्वालीफाइंग दौर में हार कर बाहर हो गये थे। चोट के कारण लंबे समय से कोर्ट से दूर चल रहे युकी भांबरी को रैंकिंग में 27 स्थान का नुकसान हुआ है और वह 234वें पायदान पर खिसक गये।
साकेत मयनेनी सात स्थानों के सुधार के साथ 244वें और शशि कुमार मुकुंद चार स्थानों के सुधार के साथ 264वें पायदान पर हैं। पुरूष युगल में मियामी ओपन में क्वार्टर फाइनल तक का सफर करने वाले अनुभवी रोहन बोपन्ना एक स्थान के सुधार के साथ रैंकिंग में 39वें स्थान पर पहुंच गये है।


Download Android App
Download iOS App



