अंतरराष्ट्रीय पहलवान प्रवीण राणा ने दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार पर उन्हें मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रवीण ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सुशील और अज्ञात लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए क्योंकि उनके परिजन इन लोगों की धमकियों से डरे हुए हैं और उनके अभ्यास में भी बाधा आ रही है। प्रवीण ने साथ ही मांग की कि उन्हें सुरक्षा का आश्वासन देते हुए सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि किसी अन्य खिलाड़ के साथ भविष्य में ऐसा व्यवहार न हो।
प्रवीण ने इस पत्र की प्रति राष्ट्रपति, गृह मंत्रालय, खेल मंत्री और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी भेजी है। 74 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग के पहलवान प्रवीण का आरोप है कि आई जी स्टेडियम में राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल के दौरान उन पर और उनके भाई नवीन राणा पर सुशील के इशारे पर उनके साथियों ने हमला किया था। उनके खिलाफ धमकियों का दौर जारी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इंदौर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उन्हें डरा धमका कर सुशील के खिलाफ वाक ओवर देने के लिए मजबूर किया गया था।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



