पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका को 95 रन से हरा दिया। इसके साथ ही पाकिस्तानी टीम ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज को 2-0 से जीत लिया। ये दोनों टीमें 1995 से एक-दूसरे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट खेल रही है। इन 26 सालों में पहली बार पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों में जीत हासिल की है। हसन अली को मैन ऑफ द मैच और मोहम्मद रिजवान को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

साउथ अफ्रीका ने आखिरी दिन के खेल की शुरुआत 1 विकेट पर 127 रन के स्कोर से की। 147 रन और बनाने में नौ विकेट गिर गए। ओपनर एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 108 रन बनाए। तेंबा बाउमा ने 61 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने चौथे विकेट की पार्टनरशिप में 106 रन जोड़े।साउथ अफ्रीका का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 241 रन था। हसन अली ने मार्करम को आउट कर मेहमान टीम को चौथा झटका दिया। साउथ अफ्रीका के आखिरी सात विकेट सिर्फ 33 रन जोड़ने में गिर गए।

पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच यह अब तक की 12वीं टेस्ट सीरीज थी। इसमें पाकिस्तान ने सिर्फ दूसरी बार जीत हासिल की है। सात सीरीज में साउथ अफ्रीका को जीत मिली। वहीं, दो सीरीज ड्रॉ रही है। पाकिस्तान ने 17 साल बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की है। पिछली बार 2003 में अपने घर में ही हुई सीरीज में पाकिस्तान ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से जीत दर्ज की थी।


Download Android App
Download iOS App



