टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मांसपेशियों में खिंचाव की चोट की वजह से मौजूदा साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर हो गए थे। दरअसल भारतीय टीम के दौरे पर जाने से पहले उन्हें नेट प्रैक्टिस के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया, जिस कारण उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा। वहीं अब खबर है कि अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ छह मैचों की घरेलू व्हाइट बॉल सीरीज में रोहित कमबैक कर सकते हैं।

अब हाल ही में इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रोहित का रिहैबिलिटेशन काफी अच्छा चल रहा है। उनके वेस्टइंडीज श्रृंखला के लिए ठीक हो जाने की उम्मीद है। अहमदाबाद में छह फरवरी को होने वाले पहले एकदिवसीय में अभी भी तीन सप्ताह का समय है।

वैसे यह कहना गलत नहीं होगा रोहित शर्मा के लिए हैमस्ट्रिंग एक गंभीर समस्या बन चुकी है, जिसने उन्हें 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के पहले दो टेस्ट मैचों के साथ-साथ व्हाइट-बॉल सीरीज को भी छोड़ने के लिए मजबूर किया था। इसके बाद हिटमैन ने बाकी दो टेस्ट मैचों के लिए सिडनी में दो सप्ताह के क्वारंटीन के बाद वापसी की थी।

बीसीसीआई की मौजूदा नीति के अनुसार, प्रत्येक खिलाड़ी को वापसी से पहले एनसीए में अनिवार्य रूप से फिटनेस टेस्ट कराकर ‘फिट टू प्ले (खेलने के लिए फिट)’ का प्रमाणपत्र हासिल करना होता है। इस प्रक्रिया के बाद ही चयन समिति को खिलाड़ी की उपलब्धता के बारे में सूचित किया जाता है। विराट कोहली ने अब टेस्ट प्रारूप से भी कप्तानी छोड़ दी है ऐसे में रोहित के लिए अब चोट से बचकर रहना और अधिक जरूरी है।

बताते चले, वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जायेंगे। एक दिवसीय मैच छह से 12 फरवरी तक खेलने होंगे। जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 15 से 20 फरवरी तक खेले जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



