अबुधाबी : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में कप्तान विराट कोहली और देवदत्त पडीक्कल के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से हराया। राजस्थान रायल्स ने छह विकेट पर 154 रन बनाये थे। कोहली के नाबाद 72 रन और पडीक्कल के 63 रन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने दो विकेट पर 158 रन बनाकर जीत हासिल की।
बेंगलोर की यह लगातार दूसरी जीत है। वहीं, राजस्थान को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इस जीत के बाद बेंगलोर की टीम चार मैचों में छह अंकों के साथ अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई है। राजस्थान छठे नंबर पर खिसक गई है।
राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 154 रन का स्कोर बनाया, जिसे बेंगलोर ने पांच गेंद बाकी रहते हुए दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेंगलोर के लिए कप्तान कोहली ने फॉर्म में लौटते हुए सर्वाधिक नाबाद 72 रनों की पारी खेली। उन्होंने 53 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए। देवत्त पडिकल ने 45 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया। अब्राहम डिविलियर्स ने नाबाद 12 रन बनाए। राजस्थान की ओर से जोफरा आर्चर और श्रेयस गोपाल ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने पॉवरप्ले ओवरों में शीर्ष क्रम बल्लेबाजों के विकेट सस्ते में गंवा दिये लेकिन हरफनमौला महिपाल लोमरोर की 39 गेंद में तीन छक्के और एक चौका जड़ित 47 रन की पारी की मदद से टीम सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
टीम ने तीसरे ही ओवर में अपने कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (05) का विकेट गंवा दिया जो महज पांच गेंद ही खेल पाये थे। वह लगातार दूसरी बार इसुरू उडाना (41 रन देकर दो विकेट) का शिकार बने। इसके बाद इंग्लैंड के जोस बटलर (22) भी चलते बने जिन्होंने अच्छी शुरूआत की लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके।
पहले दो मैचों में 74 और 85 रन की पारी खेलने वाले संजू सैमसन (04) आउट होने वाले तीसरे खिलाड़ी रहे जो पांचवें ओवर में चहल की गेंद पर उन्हें कैच दे बैठे। तीसरे अंपायर ने इस फैसले में काफी लंबा समय लिया। इस समय टीम का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन था।
अंकित राजपूत की जगह उतारे गये लोमरोर ने रोबिन उथप्पा (17) के साथ जिम्मेदारी से खेलते हुए चौथे विकेट के लिये 39 रन की साझेदारी की। उथप्पा फिर विफल रहे और चहल का शिकार बने। चहल ने 17वें ओवर में लोमरोर की पारी का अंत किया जिनका कैच लांग आफ में खड़े देवदत्त पडीक्कल ने लिया।
राहुल तेवतिया (नाबाद 24) किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ विस्फोटकीय पारी खेलने के बाद ऐसी ही पारी खेलने की कोशिश में थे, उन्होंने नवदीप सैनी की गेंद छाती में लगने के बाद अंतिम ओवर में दो छक्के जड़े।


Download Android App
Download iOS App



