भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने रविवार को आस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग पीड़ितों के लिये धन जुटाने के लिए खेले गये मैच की दोनों पारियों के बीच एक ओवर बल्लेबाजी की। तेंदुलकर को आस्ट्रेलिया की महिला टीम की सुपरस्टार आल राउंडर एलिसे पैरी ने यह चुनौती दी थी जिसे उन्होंने स्वीकार किया।
क्रिकेट के इस भगवान को हालांकि एक बार फिर हाथ में बल्ला थामे देखना प्रशंसकों के लिए सुखद अनुभव रहा। मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए ये पांच मिनट शायद क्रिकेट में लगाये गये उनके सौ शतकों से ज्यादा मायने रखे क्योंकि इसकी सारी रकम चैरिटी के लिए जाएगी।
कंधे में चोट के कारण चिकित्सकों ने तेंदुलकर को खेल से दूर रहने की सलाह दी है लेकिन फिर भी उन्होंने यहां बल्लेबाजी की। अपने करियर के दौरान सफेद या नीली वर्दी में भारत के लिए खेलने वाले तेंदुलकर यहां पीले रंग की जर्सी के साथ इसी रंग की हेलमेट में बल्लेबाजी के लिए उतरे। उनके हाथ में हालांकि एमआरएफ या एडिडास के लोगो वाला नहीं, कुकूबूरा लोगो का बल्ला था।


Download Android App
Download iOS App



