कोच्चि: विश्व चैंपियनशिप की रजत विजेता पीवी सिंधू और कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल तथा शीर्ष पुरुष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत इस वर्ष नागपुर में एक से सात नवंबर तक होने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलते नजर आएंगे। बाई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने यह पुष्टि करते हुए बताया कि इन दिग्गज खिलाड़ियों से बातचीत कर ली गई है और ये खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उतरेंगे।
सरमा ने कहा कि िखलाड़ियों को चैंपियनशिप के दौरान अंतर्राष्ट्रीय खेल परिस्थितियां मिलने का पूरा आश्वासन दिया गया है। हम राष्ट्रीय चैंपियनशिप को एक ब्रांड बनाना चाहते हैं। हमारे पास पीबीएल के रूप में पहले से ही एक ब्रांड है और हम अपने सबसे प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट को प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय बनाना चाहते हैं। उन्होंने साथ ही कहा-राष्ट्रीय चैंपियनशिप को लोकप्रिय बनाने के लिए बड़े सितारों को लाना बहुत जरूरी है। इससे ना केवल दर्शक आएंगे बल्कि हमें इस चैंपियनशिप के लिए प्रायोजक और प्रसारण दोनों मिलेंगे।
बाई अध्यक्ष ने इसके साथ ही जूनियर खिलाड़ियों को वार्षिक स्कालरशिप देने की भी घोषणा की जिससे युवा िखलाड़ियों का एक बड़ा पूल तैयार किया जा सके। उन्होंने बताया कि देश के पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में राज्य सरकरों के सहयोग से पांच नई क्षेत्रीय अकादमियां स्थापित करने के लिए भी तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने बताया कि नई अकादमियां बाई की सम्पदा होंगी और इसके लिए विभिन्न सरकारों से बातचीत अग्रिम दौर में पहुंच चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



