शियान : रियो ओलंपिक की कांस्य पदक पदक विजेता साक्षी मलिक और एशियाई खेलों की चैंपियन विनेश फोगाट ने शुक्रवार को यहां एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीते और इस तरह से भारतीय महिलाओं ने स्वर्ण पदक के बिना अपने अभियान का अंत किया। साक्षी (62 किग्रा) और विनेश (53 किग्रा) दोनों क्वार्टर फाइनल में हार गयी थी लेकिन उन पर जीत दर्ज करने वाली प्रतिद्वंद्वियों के फाइनल में पहुंचने से उन्हें रेपचेज में खेलने का मौका मिला जिससे वे पदक जीतने में सफल रही।
कांस्य पदक के प्लेआफ मुकाबले में विनेश ने चीन की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता कियानयु पांग को 8-1 से जबकि साक्षी मलिक ने उत्तर कोरिया की हियोन गियोंग मुन को 9-6 से हराया। भारत के लिये गुरुवार को मंजू कुमारी (59 किग्रा) और दिव्या काकरान (68 किग्रा) ने भी कांस्य पदक जीते थे। इस तरह से भारतीय महिलाओं ने चार कांस्य पदक के साथ अपने अभियान का अंत किया।
साक्षी मलिक ने कवालीफाईंग दौर में वियतनाम की थी माइ हान को हराया था लेकिन क्वार्टर फाइनल में वह जापान की विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता युकाको कवाई से हार गयी। कवाई के फाइनल में पहुंचने से साक्षी को रेपेचेज में खेलने का मौका मिला। उन्होंने कोरिया की जियी चोइ को हराकर कांस्य पदक प्लेआफ में प्रवेश किया था।


Download Android App
Download iOS App



