वुहान : पी वी सिंधू, साइना नेहवाल और समीर वर्मा के क्वार्टर फाइनल में हारने के साथ ही भारत की शुक्रवार को यहां एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप में चुनौती समाप्त हो गयी। महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना सबसे पहले कोर्ट पर उतरी लेकिन वह कड़े संघर्ष के बावजूद जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची से 13-21, 23-21, 16-21 से हार गयी। यह मैच एक घंटे नौ मिनट तक चला।
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और चौथी वरीयता प्राप्त सिंधू से काफी उम्मीदें थी लेकिन उन्हें स्थानीय खिलाड़ी गैरवरीयता प्राप्त काई यानयान ने उलटफेर का शिकार बनाया। सिंधू किसी भी समय अपने रंग में नहीं दिखी और यानयान से 19-21, 9-21 से हार गयी। सिंधू को पहली बार यानयान से हार मिली है। पुरूष एकल के क्वार्टर फाइनल में समीर को भी बाहर का रास्ता देखना पड़ा। उन्हें चीन के शी युक्वी ने 10-21, 12-21 से हराया।


Download Android App
Download iOS App



