भारतीय युवा क्रिकेटर शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं लेकिन उन्होंने आगामी दौरे के लिए कोई व्यक्तिगत लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है, जहां अच्छा प्रदर्शन उन्हें भारतीय टीम में स्थान पक्का करने में मददगार साबित हो सकता है। गिल ने अभी तक भारत के लिए केवल 2 वनडे खेले हैं और वह शुक्रवार से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सीमित ओवर के साथ टेस्ट टीम का भी हिस्सा हैं।
गिल ने अपनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) द्वारा ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘यह मेरा ऑस्ट्रेलिया का पहला दौरा है तो मैं सचमुच काफी उत्साहित हूं। बचपन से ही मैंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच देखे हैं। मैं काफी उत्साहित हूं।’’ केकेआर के साथ आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने के बाद 21 वर्षीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए। शुभमन गिल ने संयुक्त अरब अमीरात में हाल में समाप्त हुई आईपीएल के 14 मैचों में 440 रन बनाए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे काफी दोस्त भी टीम के साथ जा रहे हैं तो यह काफी रोमांचक होगा। लेकिन निश्चित रूप से जब अभ्यास सत्र शुरू होता है तो यह पूरी तरह से अलग स्थिति होती है। शुभमन गिल ने कहा, ‘‘मैंने कोई व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं बनाया है लेकिन मैं इस दौरे पर अच्छा करने के लिए उत्साहित हूं।’’गिल को इस साल के शुरू में न्यूजीलैंड में टेस्ट श्रृंखला के लिए चोटिल रोहित शर्मा की जगह शामिल किया गया था। उन्होंने क्राइस्ट चर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ अनधिकृत टेस्ट में भारत के लिए नाबाद 204 और अर्धशतक जड़ने के बाद राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई थी।


Download Android App
Download iOS App



