सिंधू हारी, साइ प्रणीत सेमीफाइनल में

Summary :

पीवी सिंधू जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में हारकर बाहर हो गई जबकि बी साइ प्रणीत अपना शानदार फार्म बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गए।

तोक्यो : ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में हारकर बाहर हो गई जबकि बी साइ प्रणीत अपना शानदार फार्म बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गए। सिंधू को स्थानीय खिलाड़ी अकाने यामागुची ने लगातार दूसरी बार हराया। 
उसे 50 मिनट तक चले क्वार्टर फाइनल में 18-21, 15-21 से पराजय झेलनी पड़ी। पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन के फाइनल में भी यामागुची ने सिंधू को मात दी थी। पुरूष एकल वर्ग में साइ प्रणीत ने इंडोनेशिया के टामी सुगिआर्तो को 21-12, 21-15 से हराया। अब उनका सामना सेमीफाइनल में जापान के केंतो मोमोता से होगा। सिंधू पहले गेम में 12-7 से आगे थी जिसने एशियाई चैम्पियन विरोधी को वापसी का मौका दे दिया और स्कोर 14-14 हो गया। 
इसके बाद यामागुची ने 18-15 और फिर 20-16 से बढत बना ली। सिंधू ने लगातार दो अंक लेकर अंतर 18-20 का किया लेकिन यामागुची ने अगला अंक लेकर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में शुरू में स्कोर 6-6 था लेकिन बाद में यामागुची ने लगातार दबाव बनाये लगा और बिना किसी परेशानी के जीत दर्ज की। 
दूसरी ओर साइ प्रणीत ने महज 36 मिनट में आसानी से मुकाबला जीत लिया। पहले गेम में उसने पूर्व विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता विरोधी को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे गेम में उसने वापसी की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

Desk Team