पोखरा : अश्मिता चालिहा और सिरील वर्मा में 13वें दक्षिण एशियाई खेलों में शुक्रवार को यहां क्रमश: महिला और पुरुष एकल वर्ग के बैडमिंटन मुकाबले में स्वर्ण पदक हासिल किये। इसके साथ ही ध्रुव कपिला ने पुरुष युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीत कर दोहरी सफलता हासिल की। बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल करने के अलावा पुरुष और महिला टीमों ने भी शीर्ष पर रहते हुए स्वर्ण पदक हासिल किये।
जूनियर विश्व चैम्पियन के पूर्व उपविजेता सिरील ने फाइनल मुकाबले में पहला गेम गंवाने के बाद आर्यमान टंडन को 17-21, 23-21, 21-13 से हराया। महिला एकल के फाइनल में अश्मिता ने हमवतन गायत्री गोपीचंद को करीबी मुकाबले में 21-18, 25-23 पराजित किया। ध्रुव और कृष्णा प्रसाद गारगा की युवा पुरुष एकल जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका के सचिन डियाज और बुवानेका गूणतिलखे की जोड़ी को 21-19 19-21 21-18 से हराया।
मिश्रित युगल में ध्रुव और मेघना जक्काम्पुडी की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त श्रीलंका की सचिन डियाज और तिलिनि प्रमोदिका की जोड़ी को 21-16, 21-14 से हराया। इससे पहले गुरुवार को महिला युगल में कुहु गर्ग एवं अनुष्का पारिख और मेघना जक्कमपुडी एवं एन सिक्की रेड्डी की जोड़ियों को सेमीफाइनल हार का सामना करने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



