हांगकांग : भारत के स्टार शटलर किदाम्बी श्रीकांत ने शुक्रवार को यहां चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त चेन लोंग के चोट के कारण हटने से हांगकांग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विश्व में 13वें नंबर पर काबिज लेकिन यहां गैरवरीयता प्राप्त श्रीकांत तब एक गेम से आगे चल रहे थे जब लोंग ने हटने का फैसला किया।
इससे भारतीय शटलर मार्च के बाद बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने में सफल रहा। पिछली बार श्रीकांत ने इंडिया ओपन सुपर 500 में क्वार्टरफाइनल की बाधा पार की थी। वह इस टूर्नामेंट में उप विजेता रहे थे। श्रीकांत ने पहला गेम केवल 15 मिनट में 21-13 से जीता। इसके बाद लोंग आगे नहीं खेल पाये। यह श्रीकांत की चीनी शटलर के खिलाफ दूसरी जीत है।
भारतीय खिलाड़ी जीत हार के रिकार्ड में अब भी चेन से 2-6 से पिछड़ रहे हैं। दोनों खिलाड़ी इस साल अप्रैल में मलेशिया ओपन के क्वार्टरफाइनल में आमने सामने हुए थे जिसमें चेन ने सीधे गेम में भारतीय खिलाड़ी की चुनौती समाप्त कर दी थी। श्रीकांत को चेन के खिलाफ एकमात्र जीत 2017 में मिली थी जब उन्होंने चीन के खिलाड़ी को 22-20 21-16 से हराकर आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता था।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रह चुके भारतीय का सामना अब शनिवार को स्थानीय प्रबल दावेदार ली चेयुक इयु से होगा। ली ने डेनमार्क के सातवीं वरीयता प्राप्त विक्टर एक्सेलसन को क्वार्टर फाइनल में 21-14 21-19 से शिकस्त दी।श्रीकांत ने पिछले साल इंडिया ओपन में 23 साल के ली को सीधे गेम में हराया था जो दोनों के बीच कैरियर की पहली भिड़ंत थी। श्रीकांत इस टूर्नामेंट में अकेले भारतीय बचे हैं।


Download Android App
Download iOS App



